बिना कुछ साफ़ कहे तुम जो ये पैग़ाम भेजते हो
ये असरार तरीका मुझे पसन्द नहीं आता
जो खयालों को तुम लफ्ज़ों तक ईमान से ले जाते
तेरी रूह की पाकीज़गी पर यक़ीन मुझे आता
ये इश्क़ में दिमागी खेल जो तुम खेला करते हो
जिसके हर कदम पर फतह का मज़ा तुम्हे आता
गर मेज़ पे या मैदां में मेरे सामने होते
है कौन खिलाड़ी ये मैं तुमको दिखाता
कभी ढील मुझे देते हो कभी खींच लेते हो
लड़कपन में लड़ाए पेंचों की मुझे याद ये दिलाता
जज़बातों को मेरे जो तुम मांझा ना बनाते
मैं खुशी से अपने दिल की पतंग तुम्हे हार जाता
प्यादे मेरे बादशाह के लिये कुर्बान होते हैं
है उनको भी फ़र्ज़ की अज़्मत की कुछ परवाह
चालाकी से मुझे मात दे कर इतराओ जितना तुम
मेरे प्यादों का ही रंग है 'सफ़ेद' कहलाता
पत्तों को अपने मैं भी हूँ दिल के करीब रखता
है इसमे ही तो बाज़ी की हर चाल का मज़ा
कुछ ताश में भी खेल जोड़ियों के होते हैं
है साथ मिल के जीतने में लुत्फ और आता
नहीं मुखालिफ़ की शिकस्त ही हर खेल का मक्सद
कभी जान कर भी हारने का ज़ौक चखते तुम
मैं तुझ पे सब कुछ हारने को तैयार हूँ बैठा
काश तुझ में एक खिलाड़ी का जज़बा नज़र आता
No comments:
Post a Comment